
रायपुर। रायपुर सिटी में ड्रग्स तस्करी के एक हाईटेक गिरोह का भंडाफोड़ तेलीबांधा पुलिस ने किया है। पुलिस ने काशीराम नगर इलाके में घेराबंदी कर ड्रग सिंडिकेट के एक कुरियर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 5.58 ग्राम एमडीएमए बरामद हुई है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान कुणाल मंगतानी, सौरभ डोंगरे, शुभम राठौर और सौरभ यादव के रूप में हुई है। इस गिरोह का काम करने का तरीका बेहद शातिर और आधुनिक था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ड्रग्स सिंडिकेट की कमान दिल्ली में बैठे तस्करों के हाथ में थी।
दिल्ली में बैठे तस्कर फोन पर ऑर्डर लेते और रायपुर में मौजूद अपने गुर्गों को सक्रिय करते थे। ये आरोपी मोबाइल टैक्सी और रेपिडो राइडर के तौर पर काम करते थे। इसी पेशे की आड़ में वे शहर के अलग-अलग हिस्सों में बिना किसी संदेह के ड्रग्स की सप्लाई कर रहे थे।
पूछताछ में पता चला है कि ड्रग्स की खेप पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, मुंबई और गोवा जैसे राज्यों से ट्रेन, बस और कुरियर के माध्यम से मंगवाई जाती थी। इन आरोपियों को रायपुर लाया जा रहा है। आरोपियों के रायपुर पहुंचने के बाद पूरे मामले का खुलासा अफसर करेंगे।
आरोपियों ने रायपुर में कितनी बार डिलीवरी की है? किस-किस व्यक्ति को डिलीवरी की है? किसके कहने पर डिलीवरी की है? इसकी जानकारी पुलिस ने जुटाई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही कुछ और बड़ी गिरफ्तारियां संभव हैं।



