छत्तीसगढ़बिलासपुर

चलती कार में जमकर पथराव, कार सवार महिला बुरी तरह से जख्मी, एमपी जा रहा था परिवार

बिलासपुर। जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां अज्ञात लोगों द्वारा चलती कार पर पथराव किए जाने से एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। यह घटना रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बादल महल के पास की बताई जा रही है। घायल युवती की पहचान 27 वर्षीय रितिका सिंह के रूप में हुई है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में सिम्स (SIMS) अस्पताल रेफर किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, कार सवार एक परिवार मध्य प्रदेश के पुष्पराजगढ़ की ओर जा रहा था। यात्रा के दौरान जब उनकी कार रतनपुर क्षेत्र के बादल महल के पास पहुंची, तभी अचानक कुछ अज्ञात लोगों ने चलती कार पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस अप्रत्याशित हमले से कार सवार लोग घबरा गए और अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पथराव इतना तेज था कि एक बड़ा पत्थर सीधे कार की खिड़की से टकराकर अंदर घुस गया और सामने बैठी रितिका सिंह के चेहरे पर जा लगा। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनके चेहरे पर गहरी चोट आई। घटना के बाद कार चालक ने किसी तरह वाहन को संभाला और तुरंत घायल युवती को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद युवती की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, युवती को चेहरे और सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिसके चलते उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि यह वारदात शरारती तत्वों द्वारा की गई है, हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button