
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक 14 वर्षीय किशोरी की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम किसान-परसदा स्थित रेलवे ट्रैक पर मिली एक किशोरी की लाश की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने उसके बॉयफ्रेंड और दो अन्य साथियों को हिरासत में ले लिया है।
शादी में आई थी किशोरी
मृतिका मूल रूप से खैरागढ़ की रहने वाली थी। वह अपने मामा की शादी में शामिल होने के लिए अपने ननिहाल आई हुई थी। परिजनों के अनुसार, वह 28 मार्च को बिना बताए घर से लापता हो गई थी, जिसकी रिपोर्ट 29 मार्च को ठेलकाडीह थाने में दर्ज कराई गई थी।
विवाद के बाद ट्रेन से दिया धक्का
पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि किशोरी अपने बॉयफ्रेंड मोहन वर्मा और दो अन्य युवकों के साथ खैरागढ़ से डोंगरगढ़ पहुँची थी। वहाँ से वे सभी वेनगंगा एक्सप्रेस में सवार होकर कोरबा जा रहे थे। सफर के दौरान ट्रेन में ही किसी बात को लेकर मोहन और किशोरी के बीच तीखी बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि आवेश में आकर मोहन ने किशोरी को चलती ट्रेन से नीचे धक्का दे दिया। नीचे गिरने और गंभीर चोटें आने के कारण किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस की कार्रवाई
रेलवे ट्रैक पर शव मिलने के बाद पुलिस ने बारीकी से तफ्तीश शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी मोहन वर्मा समेत तीन लोगों को पकड़ लिया है। बिलासपुर पुलिस, खैरागढ़ और ठेलकाडीह थाने के सहयोग से मामले की विस्तृत पड़ताल कर रही है ताकि घटना के पीछे की अन्य कड़ियों को जोड़ा जा सके।



