
तिल्दा। तिल्दा ब्लॉक के ग्राम सिलपट्टी में राशन नहीं मिलने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। फरवरी और मार्च महीने से राशन वितरण ठप पड़ा है, जिससे लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए परेशान होना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि पिछले दो महीनों से उन्हें राशन नहीं मिल रहा है। कभी नमक नहीं दिया जाता तो कभी शक्कर नहीं मिलती, और कई बार दुकान जाने के बावजूद खाली हाथ लौटना पड़ता है। इसी समस्या से परेशान होकर ग्रामीण एसडीएम कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द राशन वितरण शुरू कराने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही लापरवाही से गरीब परिवारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं राशन दुकान संचालक ने इस पूरे मामले में तकनीकी दिक्कतों और आपूर्ति में देरी को कारण बताया है।

दुकान संचालक त्रिवेदी पात्रे ने बताया कि इस बार भंडारण समय पर नहीं पहुंच पाया, जिसके कारण वितरण प्रभावित हुआ। इसके अलावा ई-पॉस मशीन में नया सिस्टम अपडेट होने में करीब 5 दिन लग गए। 20 से 25 तारीख के बीच करीब 3 दिन सर्वर डाउन रहा, जिससे चावल की एंट्री और वितरण नहीं हो सका।

उन्होंने बताया कि वे जोता और सिलपट्टी—दो दुकानों का संचालन करते हैं, और तीन दिन जोता में वितरण करने के कारण सिलपट्टी में देरी हुई। साथ ही उन्होंने कहा कि चावल की गुणवत्ता भी कई बार खराब रहती है, ऐसे में वितरण करना मुश्किल हो जाता है क्योंकि हर किलो का हिसाब देना पड़ता है।




