पोर्न साइट के नाम पर युवती को किया ब्लैकमेल, कर्ज व धमकी से डरी युवती ने कर ली आत्महत्या…

बलौदाबाजार। बलौदाबाजार जिले के पलारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रसौटा से एक बेहद संवेदनशील और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने साइबर ब्लैकमेलिंग के खतरनाक रूप को उजागर कर दिया है। यहां एक युवती को पोर्न साइट देखने का झूठा आरोप लगाकर ब्लैकमेल किया गया और लगातार मानसिक प्रताड़ना व आर्थिक दबाव के चलते उसने अपनी जान गंवा दी।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी कानपुर नगर जिले के थाना रेउना क्षेत्र के ग्राम दहेली निवासी गुलशन कश्यप (20 वर्ष) ने युवती को अपने जाल में फंसाने के लिए सुनियोजित साजिश रची। उसने युवती पर पोर्न साइट देखने का आरोप लगाया और सोशल मीडिया पर उसकी तस्वीरें वायरल करने की धमकी दी। इस धमकी के कारण युवती गहरे डर और बदनामी के खौफ में जीने लगी।
डर के माहौल में आरोपी ने युवती से पैसों की मांग शुरू की। युवती ने अपनी इज्जत बचाने के लिए अपने रिश्तेदारों से कर्ज लेकर आरोपी को करीब 60 हजार रुपये डिजिटल माध्यम से भेज दिए। लेकिन इसके बाद भी आरोपी का लालच खत्म नहीं हुआ। वह लगातार और पैसे की मांग करता रहा और धमकियां देता रहा।
इधर, युवती पर कर्ज का बोझ भी बढ़ता जा रहा था। एक तरफ बदनामी का डर, दूसरी तरफ कर्जदाताओं का दबाव—इन दोनों परिस्थितियों ने उसे मानसिक रूप से पूरी तरह तोड़ दिया। आखिरकार 17 अप्रैल 2025 को उसने चूहे मारने की दवा खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर हालत में उसे रायपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 22 अप्रैल 2025 को उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। लंबी पड़ताल के बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे 31 मार्च 2026 को कानपुर से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



