आरंगछत्तीसगढ़रायपुर

मंदिर हसौद में खनिज विभाग का एक्शन: अवैध खनन पर छापेमारी, 2 चूना पत्थर खदानें सील, 7 हाइवा भी किए जब्त…

आरंग। आरंग विधानसभा क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए मंदिर हसौद में बड़ी कार्रवाई की है। सहायक खनिज अधिकारी उमेश भार्गव के नेतृत्व में टीम ने दो चूना पत्थर (क्रेशर) खदानों को सील करने के साथ-साथ अवैध परिवहन में लगे 7 हाइवा वाहनों को भी जब्त किया है।

जांच के दौरान खदान संचालकों के पास आवश्यक दस्तावेज पूर्ण नहीं पाए गए, जिसके चलते तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए खदानों को सील कर दिया गया। जिन खदानों पर कार्रवाई हुई, उनमें सीजी एग्रो फार्म (विपिन अग्रवाल एवं के.सी. अग्रवाल), मंदिर हसौद और जय कुमार बजाज, मंदिर हसौद शामिल हैं।

कार्रवाई के दौरान खनिज विभाग की टीम ने क्षेत्र में अवैध खनिज परिवहन पर भी नकेल कसी। जांच में 7 हाइवा वाहन जब्त किए गए, जिनमें एक वाहन रेत से भरा हुआ और 6 वाहन गिट्टी (स्टोन) से भरे हुए पाए गए। बताया जा रहा है कि ये सभी वाहन बिना वैध दस्तावेज के खनिज का परिवहन कर रहे थे, जिससे शासन को राजस्व का नुकसान हो रहा था। विभाग ने सभी वाहनों को जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

सहायक खनिज अधिकारी उमेश भार्गव ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि खनिज विभाग के संचालक रजत बंसल के निर्देशानुसार अब पूरे राज्य में खदान संचालन ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से पारदर्शी तरीके से करना अनिवार्य है, जिससे अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button