
दुर्ग, छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है, जो खुद को BSF का जवान बताकर घूम रहा था। आरोपी की पहचान सिमरनजीत सिंह (31) के रूप में हुई है, जो पंजाब के अमृतसर जिले का रहने वाला है। वह दुर्ग के मोहन नगर थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था और फर्जी पहचान के सहारे लोगों पर रौब जमाता था।
ग्रीन चौक पर वाहन चेकिंग में खुली पोल
20 दिसंबर को मोहन नगर थाना क्षेत्र के ग्रीन चौक में पुलिस पेट्रोलिंग टीम वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सिंधिया नगर की ओर से आ रही एक सफेद रंग की डिजायर कार (CG 07 CR 9095) को रोका गया। कार के सामने अंग्रेजी में ‘Police’ लिखा हुआ था, जिससे पुलिस को शक हुआ।
खुद को BSF जवान बताकर दिखाया फर्जी आईडी
जांच के दौरान चालक ने अपना नाम सिमरनजीत सिंह बताया और खुद को BSF में पदस्थ बताया। उसने पुलिस को BSF का एक पहचान पत्र भी दिखाया, लेकिन आईडी कार्ड संदिग्ध लगने पर पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी गोलमोल जवाब देने लगा, जिसके बाद खुलासा हुआ कि आईडी कार्ड पूरी तरह फर्जी है।
किराए के मकान में रहकर कर रहा था प्रतिरूपण
आरोपी ने बताया कि वह वर्तमान में सिंधिया नगर स्थित सेंगर हाउस में किराए से रह रहा था। जिस डिजायर कार से वह घूम रहा था, वह अमरजीत कौर के नाम पर पंजीकृत पाई गई।
BNS की धाराओं में अपराध दर्ज
पुलिस के अनुसार आरोपी ने लोक सेवक का प्रतिरूपण किया और कूटरचित दस्तावेजों का उपयोग किया। इस पर उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 204 और 319(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे हिरासत में ले लिया गया है। मामले की सूचना संबंधित मजिस्ट्रेट को भी भेज दी गई है।



