17 ज़ोन में 22,195 पदों पर बंपर वैकेंसी, 10वीं पास उम्मीदवारों के लिए सुनहरा मौका

नई दिल्ली : भारतीय रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। रेलवे ग्रुप डी भर्ती 2026 के तहत देशभर के 17 रेलवे ज़ोन में कुल 22,195 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। यह भर्ती सेंट्रलाइज्ड एम्प्लॉयमेंट नोटिस (CEN 09/2025) के अंतर्गत आयोजित की जाएगी। आवेदन प्रक्रिया 31 जनवरी 2026 से शुरू होगी, जबकि आवेदन करने की अंतिम तिथि 2 मार्च 2026 निर्धारित की गई है।
इस भर्ती के अंतर्गत सबसे अधिक पद चंडीगढ़ रेलवे भर्ती बोर्ड (नॉर्दर्न रेलवे, नई दिल्ली) में 3,537 हैं। इसके बाद अहमदाबाद (वेस्टर्न रेलवे, मुंबई) में 3,148 पद और मुंबई सेंट्रल रेलवे में 1,979 पदों पर भर्ती की जाएगी। गुवाहाटी नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर रेलवे में 1,776 पद, बिलासपुर साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे में 1,199 पद और गोरखपुर नॉर्थ ईस्टर्न रेलवे में 1,196 पद निर्धारित किए गए हैं।
प्रयागराज नॉर्थ सेंट्रल रेलवे में 1,183 पद, कोलकाता ईस्टर्न रेलवे एवं मेट्रो में 1,173 पद, भोपाल वेस्ट सेंट्रल रेलवे (जबलपुर) में 1,147 पद, चेन्नई साउदर्न रेलवे में 1,036 पद और सिकंदराबाद साउथ सेंट्रल रेलवे में 1,012 पद शामिल हैं। इसके अलावा पटना ईस्ट सेंट्रल रेलवे (हाजीपुर) में 993 पद, अजमेर नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे में 974 पद, रांची साउथ ईस्टर्न रेलवे में 949 पद तथा बेंगलुरु साउथ वेस्टर्न रेलवे (हुबली) में 90 पदों पर भर्ती प्रस्तावित है।
रेलवे ग्रुप डी भर्ती के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास रखी गई है, जिससे लाखों युवाओं को आवेदन का अवसर मिलेगा। यह भर्ती उन उम्मीदवारों के लिए खास मानी जा रही है जो लंबे समय से रेलवे में ग्रुप डी पदों पर नौकरी की प्रतीक्षा कर रहे थे।
रेलवे भर्ती बोर्ड द्वारा जल्द ही विस्तृत अधिसूचना जारी की जाएगी, जिसमें चयन प्रक्रिया, परीक्षा पैटर्न, शारीरिक दक्षता परीक्षा और अन्य नियमों की जानकारी दी जाएगी। इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे समय रहते आवेदन करें और आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होने वाली सूचना पर नियमित नजर बनाए रखें।



