
रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक ही दिन में हुए चार अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। ये घटनाएं बालोद, सूरजपुर, कोरबा और बलरामपुर जिलों की हैं, जहां कहीं तेज रफ्तार कार पलटी, कहीं अज्ञात वाहन की टक्कर से जान गई, तो कहीं भारी वाहनों की भिड़ंत और ट्रैक्टर पलटने से दर्दनाक मौतें हुईं। पुलिस ने सभी मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
बालोद में किराना व्यापारी की मौत
पहली घटना बालोद जिले के डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र की है। यहां कुत्ते को बचाने के प्रयास में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में कार चला रहे किराना व्यापारी भूपेंद्र गुप्ता (42) की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी मुक्त गुप्ता (37), जो राघोनावागांव स्थित एक सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं, और उनके दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, भूपेंद्र गुप्ता अपने परिवार के साथ बालोद में एक परिजन के घर गए थे। मंगलवार सुबह वे अपने गांव देवरी पासौद लौट रहे थे। डौंडीलोहारा ब्लॉक मुख्यालय से करीब 4 किलोमीटर दूर संबलपुर नर्सरी के पास अचानक सड़क पर कुत्ता आ गया। उसे बचाने के प्रयास में कार बेकाबू होकर पलट गई। हादसे के बाद कार लॉक हो गई थी, जिससे महिला और बच्चे अंदर फंसे रहे। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने कार का शीशा तोड़कर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
सूरजपुर में बाइक सवार कॉन्स्टेबल की मौत
सूरजपुर जिले के जयनगर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार कॉन्स्टेबल अभय पांडे की मौत हो गई। वे दसवीं बटालियन सिलसिली में फिटनेस ट्रेनिंग पूरी करने के बाद बाइक से बिश्रामपुर लौट रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कॉन्स्टेबल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है।
कोरबा में ट्रेलर और ट्रक की टक्कर, ड्राइवर की मौत
कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग पर ग्राम पंचायत पताढ़ी के पास रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रेलर और प्याज से लदे ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रक चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया और उसकी मौत हो गई। गैस कटर की मदद से केबिन काटकर शव बाहर निकाला गया। वहीं ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में भर्ती है।
बलरामपुर में ट्रैक्टर चालक की मौत
बलरामपुर जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में सरिया से लदा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर तालाब में पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक सागर कोड़ाकू (30) की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर कॉलेज के निर्माणाधीन स्थल की ओर जा रहा था, तभी ऑफिसर्स क्लब के पास संतुलन बिगड़ने से तालाब में गिर गया। चालक ट्रैक्टर के नीचे दब गया और पानी में डूबने से उसकी जान चली गई।



