
बिलासपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र में सराफा कारोबार से जुड़ी बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। तेलीपारा स्थित एक ज्वेलरी व्यापारी से करीब 36.83 लाख रुपये मूल्य के 224.670 ग्राम सोने के जेवर लेकर राजस्थान का एक कारोबारी फरार हो गया।पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 (धोखाधड़ी) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
व्यापार के नाम पर जीता भरोसा
तेलीपारा रोड, अजीत होटल के सामने स्थित श्री लीला ज्वेलर्स के संचालक तुषार दोशी (44) ने पुलिस को बताया कि 6 मार्च 2024 को एक व्यक्ति उनकी दुकान में आया। उसने अपना नाम कमलेश सोनी बताते हुए खुद को राम सिल्वर, नाकोड़ा नगर, उदयपुर (राजस्थान) का संचालक बताया और सोना-चांदी के आभूषणों का व्यापारी होने का दावा किया।
बाजार में बेचकर भुगतान का दिया भरोसा
आरोपी ने 22 कैरेट सोने के हार और कंगन बाजार में बेचकर उसकी राशि लौटाने का भरोसा दिलाया। उसकी बातों पर विश्वास कर तुषार दोशी ने 224.670 ग्राम सोने के जेवर बुक किए, जिनकी कीमत लगभग 36.83 लाख रुपये थी।
कुरियर से भेजे गए जेवर, भुगतान नहीं किया
20 मार्च 2024 को जेवर कुरियर के माध्यम से उदयपुर स्थित आरोपी के पते पर भेज दिए गए। जेवर मिलने के बाद आरोपी ने 28 मार्च को मात्र 6500 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए। इसके बाद न तो शेष रकम का भुगतान किया और न ही सोने के जेवर लौटाए। लगातार संपर्क करने पर आरोपी टालमटोल करता रहा और बाद में उसका मोबाइल फोन बंद आने लगा। शिकायत के बाद पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।



