DSP कल्पना वर्मा सस्पेंड व्यापारी ने लगाए थे वित्तीय लेनदेन के आरोप

छत्तीसगढ़ : छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा की डीएसपी कल्पना वर्मा पर भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के गंभीर आरोप लगे हैं। उनके ऊपर आय से अधिक संपत्ति का मामला भी दर्ज किया गया है। इसके बाद छत्तीसगढ़ सरकार ने उन्हें निलंबित कर दिया है। दंतेवाड़ा जिले में महिला पुलिस उपाधीक्षक के खिलाफ गुरुवार को कार्रवाई की गई। सरकार ने कथित वित्तीय अनियमितताओं के आरोप में डीएसपी को निलंबित कर दिया है।
राज्य गृह विभाग के एक आदेश में कहा गया है कि पुलिस उपाधीक्षक (डिप्टी एसपी) कल्पना वर्मा को निलंबित कर दिया गया है। आदेश में बताया गया है कि उनके खिलाफ एक शिकायत मिली थी। इसकी प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि उन्होंने ड्यूटी के दौरान गलत तरीके से पैसा कमाया।

कल्पना वर्मा पर लगे गंभीर आरोप
रायपुर के एक व्यापारी ने कुछ महीने पहले पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि डीएसपी कल्पना वर्मा ने उससे पैसे और महंगे गिफ्ट लिए थे। इसके बदले उन्होंने विभाग की गोपनीय जानकारी व्यपारी को दी थी। इस शिकायत की जांच के दौरान पाया गया कि कल्पना वर्मा ने अवैध वित्तीय लाभ प्राप्त किए, अपने पद का दुरुपयोग किया और अपनी ज्ञात आय के स्रोतों के अनुपात से ज्यादा संपत्ति अर्जित की। इसमें उनके व्हाट्सएप चैट और जांच के दौरान दिए गए बयानों में विरोधाभास का भी हवाला दिया गया।
रायपुर स्थित पुलिस मुख्यालय से अटैच रहेंगी कल्पना
सरकारी आदेश में कहा गया कि निलंबन की अवधि के दौरान कल्पना वर्मा को नवा रायपुर स्थित पुलिस मुख्यालय से संबद्ध किया जाएगा। उसने यह भी दावा किया कि वर्मा ने विभाग की गोपनीय जानकारी उसके साथ साझा की थी। वर्मा ने सभी आरोपों से इनकार किया है।
2021 में शुरू हुआ था लव ट्रैप
रायपुर के होटल कारोबारी दीपक टंडन ने डीएसपी कल्पना वर्मा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि 2021 में दोनों के बीच करीबी रिश्ता बना। टंडन का दावा है कि कल्पना वर्मा ने शादी का बहाना बनाकर उनसे 2 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि, हीरे की अंगूठी (लगभग 12-50 लाख की), सोने के गहने, ब्रेसलेट और यहां तक कि एक लग्जरी कार ली। कल्पना पर ब्लैकमेलिंग, धोखाधड़ी और भावनात्मक शोषण के आरोप लगे हैं। उनके ऊपर नक्सल ऑपरेशन से जुड़ी खुफिया जानकारी शेयर करने के भी आरोप हैं। कल्पना वर्मा ने इन सभी आरोपों को बेबुनियाद और राजनीतिक साजिश बताया। उन्होंने मानहानि का मुकदमा करने की बात कही। उनके परिवार की ओर से काउंटर शिकायत भी आई, जिसमें टंडन पर पैसे न लौटाने के आरोप लगे। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पैसे और सामान के लेन-देन के बाद वापस न देने का आरोप लगाया है।



