छत्तीसगढ़रायगढ़

पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जूटमिल थाना क्षेत्र में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, 12.400 किलो गांजा जप्त, एक आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के स्पष्ट दिशा-निर्देशन में रायगढ़ जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जूटमिल थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए गांजा तस्करी के एक मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने जूटमिल थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनूमुड़ा देवारपारा में दबिश देकर 12 किलो 400 ग्राम गांजा जप्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि सोनूमुड़ा देवारपारा निवासी गोविंद भट्ट उर्फ बुटू ओडिशा से गांजा लाकर अपने घर में छुपाकर रखता है और उसकी अवैध बिक्री करता है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव आहेर के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक भागीरथी चौधरी एवं पुलिस स्टाफ की टीम गठित कर तत्काल रेड की योजना बनाई गई।

पुलिस टीम ने गवाहों की उपस्थिति में आरोपी के मकान की घेराबंदी कर तलाशी ली। तलाशी के दौरान मकान के भीतर रखी एक पेटी से 7 किलो 300 ग्राम तथा एक डिब्बे से 5 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद किया गया। मौके पर पूछताछ करने पर आरोपी ने स्वीकार किया कि वह यह गांजा बिक्री के उद्देश्य से कुछ दिन पहले ओडिशा से लाया था। पुलिस ने गांजा बिक्री से प्राप्त 3500 रुपये नगद भी जप्त किए हैं।

इस प्रकार आरोपी के कब्जे से कुल 12 किलो 400 ग्राम गांजा एवं 3500 रुपये नगद बरामद किए गए। मामले में थाना जूटमिल में अपराध क्रमांक 41/2026 धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत विधिवत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी का नाम गोविंद भट्ट उर्फ बुटू, पिता स्वर्गीय बादल भट्ट, उम्र 55 वर्ष, निवासी सोनूमुड़ा देवारपारा, थाना जूटमिल, जिला रायगढ़ बताया गया है। जप्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 2 लाख 53 हजार 500 रुपये आंकी गई है।

यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन तथा सीएसपी मयंक मिश्रा के सुपरविजन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव आहेर, सहायक उप निरीक्षक भागीरथी चौधरी, प्रधान आरक्षक रामनाथ बनर्जी, आरक्षक सुरेंद्र बंशी, जितेश्वर चौहान, महिला आरक्षक देव कुमार भारते सहित साइबर थाना के प्रधान आरक्षक राजेश पटेल, महेश पंडा, रविन्द्र गुप्ता एवं विक्रम सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस संबंध में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि रायगढ़ जिले में गांजा, अवैध शराब, जुआ-सट्टा जैसे किसी भी गैरकानूनी कारोबार को किसी भी हाल में पनपने नहीं दिया जाएगा। ऐसे तत्व या तो समाज की मुख्यधारा में लौटें, अन्यथा उनके विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी निर्भय होकर पुलिस को दें, ताकि समय रहते त्वरित और निर्णायक कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button