
महासमुंद। जिले में एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) ने गांजा तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे प्रभावी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया है। महज 24 घंटे के भीतर तीन अलग-अलग मामलों में पुलिस ने थोक सप्लायर से लेकर अंतिम खरीदार तक पूरे नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया। इस हाई-प्रोफाइल ऑपरेशन में कुल 132.5 किलोग्राम गांजा, 6 चारपहिया वाहन और अन्य सामग्री जब्त करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई एंड-टू-एंड रणनीति के तहत की गई, जिसमें सिर्फ 6 घंटे के भीतर तस्करी चैन की पूरी कड़ी को ट्रेस कर लिया गया। अभियान में सिंघोड़ा, कोमाखान और बागबाहरा थाना क्षेत्रों को शामिल किया गया। जब्त वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 55 लाख रुपए बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में मध्यप्रदेश के 5, महाराष्ट्र के 4 और ओडिशा के 2 आरोपी शामिल हैं। इस ऑपरेशन में रायपुर, राजनांदगांव और महाराष्ट्र के भंडारा जिले की पुलिस का भी सहयोग रहा। खास बात यह रही कि साइबर थाना की डाटा एनालिटिक्स और इंटेलिजेंस डेस्क ने पूरे नेटवर्क को ट्रैक करने में अहम भूमिका निभाई।
अलग-अलग थाना क्षेत्रों की कार्रवाई- सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-53 पर नाकेबंदी कर 52.5 किलो गांजा जब्त किया गया। कोमाखान थाना में बोलेरो व अन्य वाहनों से 40 किलो गांजा बरामद कर 6 आरोपियों को पकड़ा गया। बागबाहरा थाना क्षेत्र में कार से 40 किलो गांजा जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।



