एंटरटेनमेंट

सऊदी एक्शन फिल्म ‘7 डॉग्स’ के ट्रेलर ने मचाया धमाल, सलमान खान और इस एक्टर के कैमियो ने बढ़ाया क्रेज…

नई दिल्ली :  सऊदी अरब की बहुचर्चित एक्शन फिल्म ‘7 डॉग्स’ का ट्रेलर मंगलवार, 10 फरवरी को रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। फिल्म को ‘बैड बॉयज फॉर लाइफ’ फेम डायरेक्टर जोड़ी अदिल एल अरबी और बिलाल फल्लाह ने निर्देशित किया है, जिसमें जबरदस्त हाई-ऑक्टेन एक्शन देखने को मिलेगा। ट्रेलर की सबसे बड़ी खासियत बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान और संजय दत्त का कैमियो है, जिसने फैंस की उत्सुकता कई गुना बढ़ा दी है। निर्माताओं ने दोनों सितारों की भूमिकाओं को लेकर ज्यादा खुलासा नहीं किया है, लेकिन ट्रेलर से साफ है कि ये कैमियो बेहद दमदार हैं और पलक झपकते गायब होने वाले रोल नहीं हैं।

ट्रेलर में सलमान खान एक स्टाइलिश सूट में नजर आते हैं और अपनी खास मुस्कान के साथ डायलॉग बोलते दिखाई देते हैं, वहीं संजय दत्त का खतरनाक और गंभीर अंदाज उनकी मजबूत मौजूदगी का संकेत देता है। सलमान के डायलॉग्स और स्क्रीन प्रेजेंस ने फैंस को खासा प्रभावित किया है, जिसके चलते सोशल मीडिया पर रिएक्शंस की बाढ़ आ गई है। इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर सलमान खान के चाहने वाले ट्रेलर की जमकर तारीफ कर रहे हैं और इसे उनकी अब तक की सबसे लग्जरी इंटरनेशनल अपीयरेंस बता रहे हैं।

फिल्म ‘7 डॉग्स’ में मिस्र के मशहूर अभिनेता करीम अब्देल-अजीज और अहमद एज लीड रोल में नजर आएंगे, जबकि इटालियन स्टार मोनिका बेलुच्ची भी फिल्म का हिस्सा हैं। कहानी एक खतरनाक नए ड्रग को रोकने के मिशन के इर्द-गिर्द घूमती है, जो तेजी से मिडिल ईस्ट में फैल रहा है। इस फिल्म की कहानी तुर्की अल-शेख ने लिखी है, जो सऊदी अरब की जनरल एंटरटेनमेंट अथॉरिटी के चेयरमैन हैं।

सलमान खान और संजय दत्त ने इस फिल्म की शूटिंग पिछले साल फरवरी में पूरी कर ली थी। इंटरनेशनल डायरेक्टर्स, कई देशों के कलाकारों और बॉलीवुड के सरप्राइज कैमियो के साथ ‘7 डॉग्स’ को इस क्षेत्र की अब तक की सबसे महत्वाकांक्षी एक्शन फिल्मों में से एक माना जा रहा है। यह फिल्म इसी साल रिलीज होने वाली है और ट्रेलर के बाद दर्शकों की उम्मीदें काफी बढ़ चुकी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button