छत्तीसगढ़बलोदा बाजार

स्टंटबाज छात्रों पर बड़ा एक्शन, 12 छात्रों सहित 16 लोगों पर FIR दर्ज, 4 गाड़ियां भी हुई जब्त

बलौदाबाजार । विदाई समारोह (फेयरवेल) के नाम पर सड़क पर स्टंटबाजी करना छात्रों को महंगा पड़ गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के आधार पर पुलिस ने स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, कसडोल और छेछर सरकारी स्कूल से जुड़े मामलों में कठोर कार्रवाई की है। पुलिस की इस कार्रवाई ने न केवल संबंधित छात्रों और वाहन चालकों के बीच हलचल मचा दी है, बल्कि अभिभावकों और शिक्षण संस्थानों को भी एक स्पष्ट संदेश दिया है कि यातायात नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कसडोल आत्मानंद स्कूल का मामला

स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, कसडोल से जुड़े वायरल वीडियो में छात्र चारपहिया वाहनों के साथ सड़क पर खतरनाक स्टंट करते नजर आए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 अवयस्क बालकों सहित कुल 16 लोगों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया। पुलिस ने इस मामले में 04 आपराधिक प्रकरण कायम किए हैं।

जांच के दौरान पुलिस ने 04 चारपहिया वाहनों को जब्त किया। अधिकारियों के अनुसार, वीडियो में दिखाई दे रहे स्टंट यातायात सुरक्षा के लिहाज से बेहद जोखिमपूर्ण थे, जिससे आम राहगीरों की जान को खतरा हो सकता था। पुलिस ने सभी संबंधित अनावेदकों पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत भी कार्रवाई की, जो खतरनाक ड्राइविंग से संबंधित है।

छेछर सरकारी स्कूल का मामला

इसी तरह छेछर सरकारी स्कूल से जुड़ा वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। इस वीडियो में भी छात्र विदाई समारोह के नाम पर सड़क पर स्टंट करते दिखाई दिए। पुलिस ने इस मामले में 02 वाहन चालकों और 06 अवयस्क बालकों सहित कुल 08 लोगों पर कार्रवाई की।

मामले में पुलिस ने 01 ट्रैक्टर और 01 ईको कार को जब्त किया है। साथ ही 02 आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नाबालिगों को वाहन चलाने देना स्वयं में गंभीर उल्लंघन है और ऐसे मामलों में वाहन मालिकों तथा चालकों की जवाबदेही तय की जाएगी।

सड़क पर स्टंटबाजी बनी चिंता का विषय

पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में छात्रों ने स्कूल परिसर से बाहर निकलकर सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी की। इस प्रकार की गतिविधियां न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि दुर्घटना की आशंका को भी बढ़ाती हैं। हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज के लिए युवाओं द्वारा जोखिमपूर्ण स्टंट करने की प्रवृत्ति बढ़ी है, जिसे लेकर प्रशासन चिंतित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button