
बालोद। छत्तीसगढ़ के दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना जमही टोल प्लाजा के पास की है, जहां तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़ी ट्रक से जा टकराई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, तीनों युवक कुसुमकसा की ओर से मोटरसाइकिल से अपने गांव गुजरा जा रहे थे। इसी दौरान अंधेरे में सड़क किनारे खड़ी ट्रक से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही दल्लीराजहरा पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रात अधिक होने के कारण पोस्टमार्टम शनिवार सुबह कराया जाएगा।
मृतकों की पहचान विनोद (पिता गुहराम), प्रशांत (पिता गंगाराम) और हरीश (पिता हेमंत) के रूप में हुई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक आशंका तेज रफ्तार और सड़क किनारे खड़े भारी वाहन से टक्कर की जताई जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।



