
मंदिर हसौद में ली गई पुलिस मितानों की बैठक
आरंग। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशानुसार मंगलवार 17 फरवरी को थाना मंदिर हसौद परिसर में पुलिस मितानों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभिषेक झा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) रायपुर, लम्बोदर पटेल उप पुलिस अधीक्षक माना रायपुर एवं थाना प्रभारी मंदिर हसौद निरीक्षक आशीष यादव उपस्थित रहे। इस दौरान ऋषभ सोनी, चेयरमैन, जनहित फाउंडेशन रायपुर तथा फाउंडेशन के अन्य सदस्य भी सम्मिलित हुए।
बैठक के दौरान थाना मंदिर हसौद क्षेत्र के पुलिस मितानों को उनके दायित्वों एवं कर्तव्यों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। अधिकारियों ने पुलिस मितानों को समाज में शांति, सुरक्षा एवं सहयोग की भावना को सुदृढ़ करने हेतु सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिषेक झा ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस मितान पुलिस एवं जनता के मध्य एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करते हैं। उन्होंने सभी सदस्यों से अपील की कि वे क्षेत्र में होने वाली गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को प्रदान करें।
उप पुलिस अधीक्षक लम्बोदर पटेल ने पुलिस मितानों को आमजन की समस्याओं को समझते हुए उनकी सहायता करने, आपसी समन्वय बनाए रखने तथा सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने हेतु मार्गदर्शन प्रदान किया। जनहित फाउंडेशन के चेयरमैन श्री ऋषभ सोनी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस एवं समाज के बीच विश्वास एवं सहयोग की भावना से ही सुरक्षित एवं सशक्त समाज का निर्माण संभव है।
बैठक के अंत में सभी पुलिस मितानों को समाज सेवा, जनसहयोग एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय योगदान देने हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस मितानों के सहयोग से विशेष जागरूकता अभियान चलाए जाने का निर्णय लिया गया। इस अभियान के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों के पालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग तथा सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूक किया जाएगा।



