छत्तीसगढ़धमतरी

कांस्टेबल की मौत: संदिग्ध परिस्थिति में आरक्षक की हो गयी मौत, बेहोशी हालत में मिले, फिर अचानक

धमतरी। जिले में पदस्थ एक सहायक आरक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस लाइन में कार्यरत सहायक आरक्षक शिव प्रसाद ध्रुव गंगरेल स्थित सरकारी क्वार्टर में अचेत अवस्था में पाए गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जवान को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सहायक आरक्षक शिव प्रसाद ध्रुव पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। बताया जा रहा है कि वे गंगरेल क्षेत्र में स्थित अपने सरकारी आवास पर थे। इसी दौरान उन्हें क्वार्टर में अचेत अवस्था में देखा गया। आसपास मौजूद लोगों और साथियों ने तत्काल इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जवान को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल धमतरी पहुंचाया गया। अस्पताल में प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

घटना की पुष्टि करते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक सहायक आरक्षक कुछ समय से बीमार थे। हालांकि, मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर स्पष्ट स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगी। फिलहाल पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही है।

यह घटना गंगरेल डैम क्षेत्र में हुई, जहां कई शासकीय कर्मचारियों के आवास स्थित हैं। जवान के अचेत मिलने की खबर मिलते ही सहकर्मी और स्थानीय लोग भी मौके पर एकत्र हो गए थे। पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। यदि किसी प्रकार की संदिग्ध परिस्थिति या अन्य कारण सामने आते हैं, तो उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button