
रायपुर: छत्तीसगढ़ में विशेष पुनरीक्षण (SIR) के बाद मतदाता सूची की फाइनल लिस्ट जारी कर दी गई है। नई सूची के अनुसार प्रदेश में करीब 25 लाख मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। इससे पहले राज्य में कुल मतदाताओं की संख्या 2 करोड़ 12 लाख थी।
आयोग ने जारी की प्रेस विज्ञप्ति
इलेक्शन कमीशन ने अपने जारी विज्ञप्ति में बताया है कि, “प्रदेश में 1 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान सफलतापूर्वक संपन्न कर लिया गया है। चार महीने तक चले इस अभियान के बाद 21 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। जारी अंतिम सूची के अनुसार राज्य में कुल 1,87,30,914 मतदाता पंजीकृत हैं।
मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन के बाद 2,34,994 मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि दर्ज की गई है। अभियान के दौरान 27,196 बीएलओ ने घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित किए और मतदाताओं के सत्यापन व मैपिंग का कार्य पूरा किया। विशेष पुनरीक्षण के दौरान प्राप्त नवीनतम फोटो भी अंतिम मतदाता सूची में शामिल की गई हैं।
Election Commission of India के निर्देशानुसार यह विशेष अभियान 27 अक्टूबर 2025 से शुरू हुआ था, जो विभिन्न चरणों में संचालित किया गया। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने या संशोधन के लिए 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की गई थीं। प्राप्त आवेदनों का निराकरण 14 फरवरी 2026 तक कर लिया गया, जिसके बाद अंतिम सूची का प्रकाशन किया गया।



