मैं कट्टर ईमानदार…शराब घोटाले से बरी होते ही फुट – फुटकर रो पड़े केजरीवाल

नई दिल्ली। केजरीवाल सरकार द्वारा लाई गई दिल्ली की नई आबकारी नीति में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार के मामले में सीबीआई ने जो केस दायर किया था, आज उसमें जांच एजेंसी को बड़ा झटका लगा है। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने इस मामले में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया समेत सभी आरोपियों को बरी कर दिया है।
कोर्ट के फैसले के बाद जब अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया पत्रकारों से बात कर रहे थे तब बोलते-बोलते पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल रो पड़े। रोते-रोते उन्होंने कहा, ‘मैं भ्रष्ट नहीं हूं, मैं कट्टर ईमानदार हूं, मैंने जिंदगी भर ईमानदारी कमाई है, यह केस फर्जी था ।’
क्या बोले केजरीवाल
केजरीवाल ने मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘पिछले कुछ सालों से भाजपा जिस तरह से शराब घोटाले के बारे में कह रही थी और हमारे ऊपर आरोप लगा रही थी तो आज कोर्ट ने सभी आरोप खारिज कर दिए और सभी आरोपियों को बरी कर दिया है।’
उन्होंने आगे कहा, ‘हमें न्यायपालिका पर भरोसा है… सत्य की जीत हुई… AAP को खत्म करने के लिए सभी बड़े नेताओं को जेल में डाल दिया गया था। यह पूरा फर्जी केस था। यह कहते थे केजरीवाल भ्रष्ट है और फिर रोने लगते हैं। रोते-रोते ही कहते हैं- ‘केजरीवाल भ्रष्ट नहीं है।’
वह बोले ‘मैंने अपने जीवन में केवल ईमानदारी कमाई है। कोर्ट ने कहा है कि केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और AAP कट्टर ईमानदार है… अच्छा काम करके सत्ता में आइए और झूठे केस करके हमें जेल में डालना प्रधानमंत्री को शोभा नहीं देता…।’



