छत्तीसगढ़रायगढ़

‘पुष्पा: द राइज़’ स्टाइल तस्करी का भंडाफोड़: कार के दरवाजों में बनाया सीक्रेट चेंबर, 29 किलो गांजा बरामद, 2 सप्लायर गिरफ्तार

रायगढ़। जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में संचालित “ऑपरेशन आघात” के दौरान थाना लैलूंगा और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने उड़ीसा से गांजा तस्करी कर ला रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 29 किलो गांजा, तस्करी में प्रयुक्त मारुति सुजुकी रिट्ज कार (CG-13-UG-9683) और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 17.65 लाख रुपये आंकी गई है।

फिल्मी अंदाज में बनाई थी गुप्त चेंबर

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने फिल्म पुष्पा की तर्ज पर कार के दरवाजों और बैक लाइट के अंदर विशेष गुप्त चेंबर तैयार कर रखा था, ताकि तलाशी के दौरान गांजा पकड़ा न जाए। हालांकि सटीक सूचना और बारीकी से जांच के चलते पुलिस ने छुपाकर रखा गया गांजा बरामद कर लिया।

घेराबंदी कर पकड़ी गई कार

1 मार्च 2026 को सूचना मिली कि चॉकलेट रंग की रिट्ज कार से दो व्यक्ति पाकरगांव (लैलूंगा) की ओर गांजा लेकर आ रहे हैं। अटल चौक के पास घेराबंदी की गई। शाम करीब 6 बजे संदिग्ध वाहन दिखाई देने पर पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी कच्चे रास्ते की ओर भागने लगे। तत्परता दिखाते हुए टीम ने वाहन को रोक लिया।

आरोपियों की पहचान

गिरफ्तार आरोपियों ने अपना नाम:

  • श्रवण कुमार निषाद (34), निवासी कमरगा, थाना लैलूंगा, जिला रायगढ़
  • महेन्द्र प्रसाद चौहान (40), निवासी गमेकेला, थाना लैलूंगा, जिला रायगढ़

तलाशी में श्रवण के कब्जे से 19.033 किलोग्राम और महेन्द्र के कब्जे से 10.082 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

फरार सरगना की तलाश जारी

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि रामकुमार कुजूर, निवासी महेशपुर, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर ने उन्हें प्रति 10 किलो गांजा पर 10 हजार रुपये देने का लालच दिया था। उसी के कहने पर वे उड़ीसा से गांजा लाकर सप्लाई करने जा रहे थे।

थाना लैलूंगा में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 69/2026, धारा 20(B), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। फरार आरोपी रामकुमार कुजूर की तलाश जारी है।

पुलिस का सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर पूर्ण अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button