मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ CM का राज्यसभा जाना तय, आज 11.30 बजे करेंगे नामांकन, गृहमंत्री अमित शाह भी रहेंगे मौजूद

पटना : बिहार की राजनीति में बड़े बदलाव की खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 5 मार्च 2026 को राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी उनके साथ मौजूद रहेंगे।
बिहार की राजनीति में तहलका
सूत्रों के अनुसार नीतीश कुमार राज्यसभा सांसद बनेंगे लेकिन अगले कुछ महीनों तक वह बिहार के मुख्यमंत्री पद को भी संभालते रहेंगे। संविधान के प्रावधानों के तहत मुख्यमंत्री कम से कम छह माह तक राज्यसभा सांसद रहते हुए मुख्यमंत्री पद भी रख सकते हैं। इस बीच उनके बेटे निशांत कुमार को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की अटकलें भी तेज हैं। बिहार में इस साल पांच राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव होने हैं। जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) को दो सीटें मिलनी हैं। एनडीए की बैठक में इन तमाम मुद्दों पर चर्चा की संभावना है। भाजपा ने पहले ही अपने दो उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन और सासाराम से लोकसभा चुनाव लड़ चुके शिवेश कुमार। वहीं, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा तीसरे उम्मीदवार के रूप में नामित हो चुके हैं।
नीतीश कुमार आज करेंगे राज्यसभा नामांकन
जेडीयू की दो सीटों के उम्मीदवारों की घोषणा अभी बाकी है। माना जा रहा है कि केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर जेडीयू की एक सीट के लिए उम्मीदवार हो सकते हैं, जबकि दूसरी सीट पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपना नामांकन करेंगे। नीतीश कुमार 2005 से बिहार के मुख्यमंत्री हैं। 2025 के विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी ने 85 और बीजेपी ने 89 सीटें जीतकर सत्ता में मजबूती बनाई थी। चुनाव के दौरान ही उनके बेटे निशांत की चर्चा तेज हुई थी, लेकिन अब समीकरण बदलते हुए उसे पार्टी संगठन में बड़ी जिम्मेदारी और उपमुख्यमंत्री की संभावना जोड़ी जा रही है।



