
रायपुर । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में जहां होली का पर्व शहर में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में हुई तीन अलग-अलग हत्या की घटनाओं ने सनसनी फैला दी। पुलिस के अनुसार आरंग, खरोरा और बरबंदा में हुई इन वारदातों के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पहली घटना बरबंदा गांव की है, जो विधानसभा थाना क्षेत्र में आता है। यहां दिनेश विश्वकर्मा नामक युवक की गांव के ही तीन युवकों ने मिलकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
दूसरी घटना खरोरा थाना क्षेत्र के माठ गांव में सामने आई। यहां 18 वर्षीय मोहित निषाद की हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि किसी पुराने विवाद को लेकर यह घटना हुई, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
तीसरी घटना आरंग इलाके में हुई, जहां होली जलाने के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट की घटना में नीरज लोधी नामक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया, जिसे देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तीनों मामलों में अलग-अलग टीम बनाकर जांच की जा रही है। कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है।होली जैसे त्योहार के दौरान हुई इन तीन बड़ी घटनाओं ने ग्रामीण इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।



