
रायपुर। राजधानी रायपुर में तेज आवाज में बजने वाले साउंड सिस्टम और डीजे को लेकर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। शहर में रात 10 बजे के बाद डीजे और धुमाल बजाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इस संबंध में पुलिस ने डीजे, धुमाल और बैंड संचालकों के साथ बैठक आयोजित कर उन्हें नियमों की जानकारी दी।
बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि निर्धारित समय सीमा के बाद किसी भी कार्यक्रम में डीजे या धुमाल नहीं बजाया जाएगा। पुलिस ने यह भी कहा है कि कार्यक्रमों के दौरान साउंड की आवाज 50 प्रतिशत तक कम रखनी होगी, ताकि आम नागरिकों को परेशानी न हो। बैठक के दौरान अधिकारियों ने संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि निर्देशों का पालन नहीं करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह बैठक एडिशनल डीसीपी तार्केश्वर पटेल की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें शहर के कई डीजे और धुमाल संचालक मौजूद रहे। पुलिस ने सभी से नियमों का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।



