
सक्ति। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिला में दिव्यांग शिक्षक की हत्या के मामले में नया मोड़ सामने आया है। जिस आरोपी टीमन लाल मनहर की पुलिस लगातार तलाश कर रही थी, वह अपने ही घर में फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। इस घटना के बाद पुलिस अब पूरे मामले की दोबारा बारीकी से जांच कर रही है और हत्या के साथ-साथ आरोपी की आत्महत्या के वजहों की तलाश की जा रही है।
क्या है हत्या का पूरा मामला?
दरअसल, 18 मार्च को जैजैपुर क्षेत्र के जर्वे गांव निवासी दिव्यांग शिक्षक देवानंद भारद्वाज की बेहद बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। जानकारी के अनुसार आरोपी टीमन लाल मनहर ने कुल्हाड़ी से उनके सिर पर कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी टीमन ने सबूत मिटाने के इरादे से शव को आग के हवाले भी कर दिया और वहां से फरार हो गया था।
आरोपी ने लगा ली फांसी
घटना के बाद से ही सक्ती पुलिस टीमन लाल मनहर की तलाश में जुटी हुई थी। लेकिन इसी बीच खबर आई कि आरोपी का शव उसके घर में फांसी पर लटका मिला है। शुरुआती तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि पुलिस के डर और गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।
हत्या से पहले हुआ था विवाद
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी और मृतक के बीच जमीन, पैसों और रजिस्ट्री को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि घटना से पहले दोनों के बीच झगड़ा और मारपीट भी हुई थी, जिसके बाद आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।



