
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां ठगों ने बिल्कुल फिल्मी अंदाज में लोगों को निशाना बनाया। बीमा पॉलिसी मैच्योर होने और बोनस दिलाने का लालच देकर ठगी की यह वारदात किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं लगती। खास बात यह है कि ठगों ने लड़कियों की आवाज में बातचीत करने के लिए हाईटेक एप्लीकेशन का इस्तेमाल किया, जिससे पीड़ितों को जरा भी शक नहीं हुआ।
9.69 लाख की ठगी, भरोसे का फायदा उठाया
इस गिरोह ने रायपुर के सेजबहार निवासी परमजीत सिंह को अपना शिकार बनाया। ठगों ने उन्हें फोन कर बताया कि उनकी बीमा पॉलिसी मैच्योर हो चुकी है और उन्हें बोनस का बड़ा अमाउंट मिल सकता है। भरोसा जीतने के बाद अलग-अलग बहानों से उनसे कुल 9.69 लाख रुपये ठग लिए गए।पीड़ित को जब ठगी का अहसास हुआ, तब उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की गई।
नोएडा के पॉश इलाके से चल रहा था ठगी का नेटवर्क
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि यह पूरा नेटवर्क दिल्ली-एनसीआर से संचालित हो रहा है। ठगों ने नोएडा के पॉश इलाके में स्थित गौर सिटी मॉल में एक आलीशान ऑफिस खोल रखा था, जहां से पूरे देश में लोगों को कॉल कर ठगी की जा रही थी।इस ऑफिस को देखकर कोई भी इसे वैध कॉल सेंटर समझ सकता था, लेकिन अंदर से यह एक संगठित साइबर ठगी का अड्डा निकला।
दिल्ली से मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 3 आरोपी पकड़े गए
रायपुर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर दिल्ली में छापेमारी की। इस कार्रवाई में गिरोह के मास्टरमाइंड सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से इस तरह की ठगी को अंजाम दे रहे थे और कई राज्यों में लोगों को अपना शिकार बना चुके हैं।
हाईटेक एप से आवाज बदलकर करते थे ठगी
इस गिरोह की सबसे खतरनाक चाल थी हाईटेक एप्लीकेशन का इस्तेमाल। आरोपी इन ऐप्स के जरिए अपनी आवाज को महिला की आवाज में बदल लेते थे, जिससे सामने वाला व्यक्ति आसानी से उनके झांसे में आ जाता था।यही वजह है कि कई लोग बिना शक किए अपनी निजी जानकारी और पैसे ठगों को सौंप देते थे।
राज्य में बढ़ रही साइबर ठगी, 100 करोड़ से ज्यादा की ठगी
पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, पिछले डेढ़ साल में छत्तीसगढ़ में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। यह मामला इस बढ़ते साइबर अपराध की गंभीरता को एक बार फिर उजागर करता है।



