छत्तीसगढ़दुर्ग

भिलाई में पीलिया का बढ़ता कहर: सेक्टर-7 में 9 नए मरीज, प्रशासन अलर्ट मोड में

दुर्ग। भिलाई में पीलिया (जॉन्डिस) का प्रकोप तेजी से बढ़ता जा रहा है, जिससे सेक्टर-7 इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई है। ताजा जानकारी के अनुसार, सेक्टर-7 में 9 नए संक्रमित मरीजों की पुष्टि हुई है, जिसके बाद कुल मरीजों का आंकड़ा 24 के पार पहुंच गया है। स्वास्थ्य विभाग ने इसे गंभीर स्थिति मानते हुए तत्काल निगरानी और रोकथाम के प्रयास तेज कर दिए हैं।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विजय बघेल खुद ग्राउंड जीरो पर पहुंचे और करीब 2 घंटे तक प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। सांसद ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में

स्वास्थ्य विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सेक्टर-7 में 104 घरों का सघन सर्वे कराया है। संदिग्ध मरीजों के ब्लड सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं, ताकि संक्रमण की सही स्थिति का आकलन किया जा सके। साथ ही, इलाके में साफ-सफाई, पानी की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।सांसद विजय बघेल ने टाउनशिप प्रबंधन और जिला प्रशासन को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि इस स्थिति के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग मिलकर काम करें ताकि बीमारी को जल्द से जल्द नियंत्रित किया जा सके।

बेहतर इलाज और सहायता का भरोसा

सांसद ने प्रभावित परिवारों को आश्वासन दिया कि सरकार हर संभव मदद के लिए प्रतिबद्ध है। जरूरतमंद मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाएगा और आर्थिक सहायता भी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी मरीज को इलाज के अभाव में परेशानी नहीं होने दी जाएगी।स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उल्टी, कमजोरी, भूख न लगना और आंखों या त्वचा में पीलापन जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराने को कहा गया है। इसके अलावा दूषित पानी और भोजन से बचने, उबला या फिल्टर किया हुआ पानी पीने और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button