ईरान-इजरायल तनाव का असर अब बेडरूम तक, बढ़ने वाले हैं कंडोम के दाम, सबसे ट्रस्टेड ब्रांड के प्रोटेक्शन की सप्लाई में अभी से हो रही कमी…

नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में जारी ईरान-अमेरिका तनाव का असर अब सिर्फ कच्चे तेल की कीमतों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसका प्रभाव रोजमर्रा की चीजों पर भी साफ दिखने लगा है। इसी कड़ी में दुनिया की सबसे बड़ी कंडोम निर्माता कंपनी Karex ने कीमतों में 20 से 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करने की योजना का ऐलान किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सप्लाई चेन में आई बाधाओं और बढ़ती लागत के कारण कंपनी को यह कदम उठाना पड़ रहा है। गौरतलब है कि यह कंपनी हर साल 5 अरब से अधिक कंडोम का उत्पादन करती है और Durex व Trojan जैसे बड़े ब्रांड्स के साथ-साथ ब्रिटेन की नेशनल हेल्थ सर्विस और संयुक्त राष्ट्र के एड प्रोग्राम्स को भी सप्लाई करती है।
कंपनी के सीईओ का बयान आया सामने
कंपनी के सीईओ Goh Miah Kiat ने रॉयटर्स से बातचीत में कहा कि मौजूदा स्थिति बेहद नाजुक है और लागत में भारी बढ़ोतरी हो रही है। उनके मुताबिक, मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ने के बाद से मैन्युफैक्चरिंग में इस्तेमाल होने वाले लगभग सभी कच्चे माल महंगे हो गए हैं। सिंथेटिक रबर, नाइट्रिल, पैकेजिंग मटेरियल, एल्युमीनियम फॉइल और सिलिकॉन ऑयल जैसी चीजों की कीमतों में तेजी से इजाफा हुआ है, जिससे उत्पादन लागत पर सीधा असर पड़ा है। कंपनी का कहना है कि इन बढ़ती लागतों को खुद वहन करना संभव नहीं है, इसलिए इसका बोझ ग्राहकों पर डालना ही एकमात्र विकल्प बचा है।
शिपिंग में आई दिक्कतों ने हालात को और जटिल बना दिया है
वहीं, शिपिंग में आई दिक्कतों ने हालात को और जटिल बना दिया है। पहले जहां यूरोप और अमेरिका तक कंपनी के प्रोडक्ट्स एक महीने में पहुंच जाते थे, अब इसमें करीब दो महीने का समय लग रहा है। इसके साथ ही माल ढुलाई की लागत भी काफी बढ़ गई है, जिससे सप्लाई प्रभावित हो रही है। डिलीवरी में देरी के कारण कई बाजारों में स्टॉक कम हो गया है, जबकि मांग में करीब 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी देखी गई है। हालांकि कंपनी ने भरोसा दिलाया है कि अगले कुछ महीनों के लिए पर्याप्त सप्लाई मौजूद है और बढ़ती मांग को देखते हुए उत्पादन बढ़ाने पर भी विचार किया जा रहा है, लेकिन फिलहाल वैश्विक सप्लाई चेन की चुनौतियां जल्दी खत्म होती नहीं दिख रही हैं।



