
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में स्थित कूकदा डैम में गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया। रायपुर से पिकनिक मनाने पहुंचे एक युवक और युवती की डैम में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को बाहर निकलवाकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक घटना पाण्डुका थाना क्षेत्र स्थित कूकदा डैम की है। बताया जा रहा है कि रायपुर से चार युवक-युवती पिकनिक मनाने के लिए कूकदा डैम पहुंचे थे। घूमने-फिरने के दौरान सभी डैम के गेट के पास पहुंचे, जहां पानी जमा हुआ था। इसी दौरान युवक और युवती नहाने के लिए पानी में उतर गए।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार नहाते समय दोनों गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते डूबने लगे। साथ आए दोस्तों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी अधिक गहरा होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। घटना की सूचना तत्काल स्थानीय लोगों और पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पाण्डुका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद दोनों के शव पानी से बाहर निकाले गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
मृतकों की पहचान सिंपी सक्सेना और पीयूष मंडल के रूप में हुई है, जो रायपुर निवासी बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी दोस्त घूमने और पिकनिक मनाने के उद्देश्य से गरियाबंद आए थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह यात्रा इतनी दर्दनाक साबित होगी।
पुलिस के अनुसार हादसा नहाने के दौरान हुआ है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि डैम क्षेत्र में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं और क्या वहां पहले से चेतावनी बोर्ड लगाए गए थे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कूकदा डैम में कई जगह पानी काफी गहरा है और बारिश के बाद जलस्तर बढ़ने से खतरा और बढ़ जाता है। इसके बावजूद कई लोग पिकनिक और नहाने के लिए यहां पहुंचते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
घटना के बाद मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। वहीं इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर पर्यटन और पिकनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।



