छत्तीसगढ़

रायपुर में वैक्सीन की किल्लत, फ्रंटलाइन वर्कर और APL कार्डधारियों की डोज खत्म

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी में वैक्सीन की किल्लत हो गई है। फ्रंट लाइन वर्कर और APL कार्डधारियों के लिए तय की गई खुराक की मात्रा ख़त्म हो गई है। इसके चलते वैक्सीनेशन रोकना पड़ा है। BPL और अन्त्योदय कार्डधारियों का वैक्सीनेशन जारी है। इसके भी जल्द वैक्सीन ख़त्म होने की आशंका है।

इधर, पिछले रविवार को ही 25 बक्से में करीब 3 लाख वैक्सीन प्रदेश में आई थी। इससे पहले 30 बक्से में 3.5 लाख और इससे पहले 1.30 लाख वैक्सीन के डोज प्रदेश में आई थी।

इसके बाद वैक्सीन कब आएगी, इसकी जानकारी अभी तक नहीं है। सरकार ने राज्य के कोटे से करीब 75 लाख वैक्सीन का आर्डर दिया है। इसमें से केवल 3 लाख वैक्सीन की डिलीवरी हुई है।

छत्तीसगढ़ में वैक्सीनेशन अभियान 4 वर्गों में बांट कर किया जा रहा है। फ्रंट लाइन वर्कर, एपीएल, बीपीएल और अन्त्योदय कार्डधारियों के लिए अलग-अलग काउंटर की व्यवस्था की गई है। इसके मुताबिक किसी केंद्र पर कुल उपलब्ध वैक्सीन का 20% फ्रंटलाइन वर्कर और कोमार्बिडिटी (गंभीर बीमारियों से पीड़ित) वाले लोगों के लिए होगा।

वैक्सीन का 12% अन्त्योदय, निराश्रित, अन्नपूर्णा और नि:शक्त श्रेणी के राशन कार्ड वालों के लिए होगा। वैक्सीन का 16% हिस्सा APL श्रेणी के लोगों के लिए होगा और सबसे बड़ा 52% हिस्सा BPL श्रेणी के कार्ड धारकों के लिए सुरक्षित है। प्रदेश में 12 मई तक की स्थिति में 18 से 44 आयु वर्ग में कुल 3,04,349 लोगों का वैक्सीनेशन हुआ है। इसके लिए प्रदेश में 997 वैक्सीनेशन सेंटर बने हैं।

भारत बायोटेक की जॉइंट मैनेजिंग डायरेक्टर सुचित्रा एला ने कल ही एक बयान में कहा था कि उनके 50 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव आये है। इस वजह से भी आर्डर की सप्लाई में देरी हो रही है। उन्होंने कहा था वैक्सीन उत्पादन का काम लगातार जारी है, राज्य थोड़ा सब्र रखें।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button