छत्तीसगढ़

राजधानी में मंत्री डॉ. टेकाम ने शासकीय इंग्लिश मीडियम स्कूल का किया शुभारंभ, कहा- शिक्षा विकास का माध्यम

रायपुर। स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ.प्रेमसाय सिंह टेकाम ने मंगलवार को रायपुर के अभनपुर में स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट इंग्लिश मीडियम स्कूल का शुभारंभ किया। उन्होंने विद्यालय में नव प्रवेशित प्रथम बच्चे का नाम अपने हाथ से दाखिला पंजी में दर्ज किया। सभी नव प्रवेशित बच्चों को मिष्ठान खिलाकर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। मंत्री डॉ.टेकाम ने स्कूल के बच्चों को पाठ्य पुस्तकों का सेट भी प्रदान किया। विद्यालय में अब तक 375 बच्चों ने प्रवेश लिया है।

भवन का जीर्णोंद्धार 55 लाख रुपए की राशि से किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं विधायक अभनपुर धनेन्द्र साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष कुंदन बघेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष देवनंदनी साहू, नगर पंचायत के पार्षद, जिला शिक्षा अधिकारी एएन बंजारा सहित जिला प्रशासन के अधिकारी, स्कूल के प्राचार्य, शिक्षक और नवप्रवेशित बच्चे उपस्थित थे। स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ.टेकाम ने कहा कि शिक्षा विकास का माध्यम है। जहां-जहां शिक्षा के दीप जलते हैं, वहां-वहां विकास की लौ जगमगाती है। अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा आज समय की मांग है। अंग्रेजी वैश्विक भाषा है। खासकर वैज्ञानिक, मेडिकल, इंजीनियरिंग पढ़ाई में अंग्रेजी का महत्व अधिक है। अंग्रेजी अच्छी तरह से नहीं जानने के कारण बच्चे वैश्विक प्रतियोगिता में शामिल नही हो पाते।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विचार किया कि गांव-गरीब का बच्चा भी अंग्रेजी माध्यम स्कूल में पढ़ सके। इसके लिए हमारी सरकार ने प्रदेश भर में सरकारी अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोलने का निर्णय लिया है। प्रथम चरण में गतवर्ष प्रदेश में 52 अंग्रेजी माध्यम के स्कूल खोले गए। इस वर्ष 119 अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोले गए हैं। वर्तमान में प्रदेश में 171 उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल संचालित हो रहे हैं। इन विद्यालयों में पर्याप्त संसाधन जैसे-भवन, पुस्तकालय, प्रयोगशाला, आधुनिक क्लास रूम उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button