छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में सिंहदेव बोले- हाईकमान का विशेषाधिकार, निर्णय भी वहीं से होगा

रायपुर। कांग्रेस शासित राज्यों में मुख्यमंत्री पद को लेकर मचे घमसान के बीच छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि कोई भी निर्णय करने का विशेषाधिकार हाईकमान का है। जो भी निर्णय होगा, वहीं से होगा। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर मीडिया ने सिंहदेव से सवाल किया कि पिछले दौरे में आपने कहा था कि फैसला सुरक्षित है, आखिर यह फैसला कब तक सुरक्षित रहेगा। इसके जवाब में सिंहदेव ने कहा कि बात जब हाईकमान के पास है, तो निर्णय भी उनको ही लेना है।

किसी ने सोचा नहीं था, लेकिन अचानक पंजाब की स्थिति पैदा हो गई। एक प्रक्रिया है, जो चल रही है। लोग ढाई-ढाई साल की बात कर रहे हैं, ढाई साल भी बीत गया। कहीं न कहीं चर्चा चलती रहती है। चर्चा को अंजाम तक ले जाने की जो बात है, वो निर्णय के रूप में आ जाता है। सिंहदेव ने कहा कि पंजाब में इतना बड़ा फैसला हुआ। यह भी हाईकमान की इच्छा को प्रदर्शित करता है। सभी जगह कुछ न कुछ गतिविधियां चल रही है, जो भी होगा, हाईकमान निर्णय लेगा।

वहीं, सिंहदेव ने बिलासपुर के विधायक शैलेश पांडेय के निष्कासन प्रस्ताव पर कहा कि हम सब कांग्रेस के व्यक्ति हैं। हाईकमान सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ जुड़े हुए हैं। नीति और आदर्शों के साथ चलने वाले हैं। भावनाओं में आकर कोई कुछ भी कह देते हैं। पार्टी के अंदर की बात है, जहां तक करवाई की बात है तो पीसीसी के पास बात जाएगी।

गुण-दोष के आधार पर परीक्षण किया जाएगा। शैलेश भावनात्मक व्यक्ति हैं, मन की जो बातें रहती हैं, कई बार सामने आ जाती है। सार्वजनिक जीवन में हम जितना संयमित रहें, उतना अच्छा है। यह सब जितना कम हो, उतना अच्छा है। सिंहदेव से जब यह सवाल किया गया कि हर विवाद में आपका नाम सामने आ रहा है तो उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा कि झाड़ फूंक कराऊंगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button