प्रदेश में सरकार किसानों को मुआवजा देने में वैसी ही दरियादिली दिखाएं, जैसी दीदी प्रियंका गांधी को खुश करने में दिखाई थी- भाजपा
रायपुर । छत्तीसगढ़ में बेमौसम बारिश से हुए नुकसान पर भाजपा ने मुआवजा देने की मांग की है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि जब भाजपा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को धान की सुरक्षा के लिए जगा रही थी, तब वे नींद में उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने के सपने देख रहे थे।
अपने राज्य के किसान और उसके धान को भगवान भरोसे छोड़कर यूपी में मगन भूपेश बघेल अब धान की बर्बादी का दोष मौसम पर डालकर अपनी जिम्मेदारी से भाग रहे हैं। साय ने कहा कि सीएम बघेल बरसात में गरीबों के जो घर बर्बाद हुए हैं, उन्हें भी मुआवजा देने में वैसी ही दरियादिली दिखाएं, जैसी अपनी दीदी को खुश करने के लिए उत्तर प्रदेश में दिखाई थी।
साय ने कहा है कि मुख्यमंत्री किसानों और गरीबों को बताएं कि अब तक क्या कर रहे थे, जो एहतियात के कदम नहीं उठाए। बघेल की हठधर्मिता और झूठी राजनीति ने न केवल किसान की किस्मत पर पानी फेर दिया, बल्कि राष्ट्रीय धन की बर्बादी का घोर अपराध भी किया है। विष्णुदेव साय ने सोसायटियों में जिन किसानों ने धान नहीं बेच पाया और बारिश से खराब हो गया, इस बर्बादी के लिए खाद्य मंत्री अमरजीत भगत की तत्काल बर्खास्तगी की मांग की ।
साय ने कहा वे विधानसभा में तो बड़ी-बड़ी बात करते हैं लेकिन इंतजाम क्या है? धान बचाने तिरपाल खरीदने पैसे नहीं हैं और कर्मचारियों को छह महीने से वेतन नहीं मिला है। इसके लिए अमरजीत भगत सीधे तौर पर जिम्मेदार हैं।
साय ने कटाक्ष किया कि अपनी गलतियों को छिपाने के लिए सारा दोष केंद्र के माथे मढ़ने में माहिर मुख्यमंत्री बघेल यह न कह दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तिरपाल नहीं दिया, इसलिए छत्तीसगढ़ का धान भीग गया। अपनी गलती पर पर्दा डालना और दूसरों को दोष देना मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पुरानी आदत है। इसे छत्तीसगढ़ की जनता तीन साल से हर रोज देख रही है।