बालोद। जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है, जिसमें एक अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि ट्रक ने उसे रौंदते हुए आगे बढ़ गया, जिसके कारण एक पैर भी कट गया। कुछ देर में उसकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के वक्त मृतक बस से उतरकर यूरीन करने जा रहा था। इस बीच पीछे से आई तेज रफ्तार ट्रक ने उसे रौंदते हुए सीधे बस से जा टकराई। इससे 2 महिला भी गंभीर रूप से घायल हुई हैं। हादसा बालोद-कांकेर जिले की सीमा पर गुरूर थाना के चारामा के पास हुआ है।
जानकारी के मुताबिक़, बस रायपुर से जगदलपुर जा रही थी। तभी बीच रास्ते में सुबह 11 बजे बस खराब हो गई। जिसके कारण बस को NH-30 में मुजलगोंदी चारामा के पास रोका गया था। इस दौरान मृतक नरेश गुप्ता (45) यूरीन करने जा रहा था। इतने में पीछे से आई अनियंत्रित ट्रक बस से जा टकराई। इससे 2 अन्य लोग भी घायल हो गए। घटना के बाद ट्रक चालक फ़रार हो गया है। मृतक नरेश गुप्ता और घायल खुशबू (48) अहमदाबाद के निवासी हैं। वे अपने रिश्तेदार के यहाँ जा रहे थे। उससे पहले यह हादसा हो गया।