छत्तीसगढ़

प्रदेश के 5 विधायकों की समिति करेगी बीज घोटाले की जांच, डिबार कंपनी से खरीदे थे करोड़ों रूपये के बीज

रायपुर। प्रदेश में राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम में फूटे त्रिमूर्ति बीज मामले की जांच अब 5 विधायक समिति करेगी। इसमें कांग्रेस के तीन और भाजपा के दो विधायकों को शामिल किया गया है। जिसके बाद इस रिपोर्ट को अगले विधानसभा सत्र में पेश करना है।

नेता प्रतिपक्ष ने उठाया था मुद्दा :
आपको बताते चलें कि विस बजट सत्र के दौरान 22 मार्च को नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने प्रश्नकाल में यह मामला उठाया था। इसके जवाब में कृषि एवं जल संसाधन मंत्री रविंद्र चौबे ने बताया, गुणवत्ता हीन हाइब्रिड बीज आपूर्ति के मामले में इसी सदन में उन्होंने त्रिमूर्ति प्लांट साइंस कंपनी को प्रतिबंधित करने की घोषणा की थी। इसमें उसका भुगतान भी रोकना था और उसके बीजों को राजसात भी करना था। ऐसा हुआ भी। बाद में इसको डिबार सूची से हटा दिया गया और 2 करोड़ 61 लाख रुपए का भुगतान भी कर दिया गया। यह गलत हुआ है। हम लोगों की जानकारी में बात आई तो इसे फिर से डिबार सूची में डाल दिया गया।

इसके बाद जब विपक्ष सरकार को घेरने लगी तो कृषि मंत्री विधानसभा की समिति से मामले की जांच स्वीकार कर ली और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने उसी दिन सदन में जांच की घोषणा कर दी।

धनेन्द्र साहू को बनाया गया सभापति :
25 मार्च को विधानसभा के तत्कालीन प्रमुख सचिव चंद्रशेखर गंगराड़े ने समिति के गठन का आदेश जारी कर दिया। इसके तहत पांच विधायकों को जांच का जिम्मा सौंपा गया है। कांग्रेस से अभनपुर विधायक धनेंद्र साहू को इस समिति का सभापति बनाया गया है। उनके अलावा कांग्रेस के लखेश्वर बघेल, संगीता सिन्हा और भाजपा के नारायण चंदेल व सौरभ सिंह को समिति का सदस्य बनाया गया है। इसकी जानकारी संबंधित विधायकों को अब भेजी गई है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button