
सौम्या ने पीएम से ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम में की बात
खरोरा। रायपुर जिले के ग्राम गनियारी की बेटी सौम्या वर्मा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘परीक्षा पे चर्चा’ में भाग लेने का अवसर मिला। इस दौरान सौम्या ने प्रधानमंत्री से छात्रों के भविष्य और करियर को लेकर सीधे संवाद किया। प्रधानमंत्री ने बड़े सहज और प्रेरणादायक अंदाज में उनके प्रश्नों का उत्तर देते हुए मार्गदर्शन प्रदान किया। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दूरदर्शन सहित विभिन्न मीडिया चैनलों के माध्यम से किया गया, जिसे पूरे देश ने देखा।
सौम्या, ग्राम गनियारी निवासी मिथलेश वर्मा एवं सुनीता वर्मा (प्रधान पाठक, अड़सेना) की सुपुत्री हैं। वह वर्तमान में ब्राइटन इंटरनेशनल स्कूल, नरदहा (रायपुर) में कक्षा 9वीं की छात्रा हैं। सौम्या के बड़े पिता सुनील वर्मा एवं बड़ी माता सुधा वर्मा हैं। वह स्वर्गीय लखन लाल वर्मा की सुपौत्री हैं और एक किसान परिवार से संबंध रखती हैं। परिवार में बेटियों की शिक्षा के प्रति विशेष जागरूकता है और सौम्या की इस उपलब्धि पर पूरा परिवार अत्यंत प्रफुल्लित है।
सौम्या प्रारंभ से ही अपने विद्यालय की मेधावी छात्रा रही हैं। उनकी बड़ी बहन हर्षिता वर्मा भी ब्राइटन स्कूल, रायपुर में कक्षा 12वीं की छात्रा हैं और अपनी प्रतिभा से विद्यालय में विशेष पहचान बना चुकी हैं। इस उपलब्धि से पूरे गाँव में खुशी का माहौल है। ग्रामीणजन सौम्या को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं और उनकी सफलता पर गर्व महसूस कर रहे हैं।



