
गरियाबंद। जिले के थाना प्रभारी छुरा को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम छुरा निवासी बिसनी मारकण्डे की हत्या उसके पति गोपीराम मारकण्डे द्वारा चाकू से हमला कर कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतिका बिसनी मारकण्डे का विवाह लगभग 15 वर्ष पूर्व महासमुंद निवासी गोपीराम मारकण्डे से हुआ था। पारिवारिक विवादों के चलते वह दो वर्षों से अपने मायके, छुरा में अपनी मां सरोज बाई आडिल के साथ रह रही थीं। उनके दो बच्चे महासमुंद में अपने पिता के साथ रहते थे और स्कूल की छुट्टियों में अपनी मां के पास छुरा आए हुए थे।
दिनांक 20 अप्रैल को बिसनी रायपुर से केटरिंग का काम कर लौटकर घर आई थी। अगले दिन सुबह लगभग 11 बजे मृतिका के भाई को पड़ोसी से सूचना मिली कि गोपीराम ने बिसनी पर चाकू से हमला कर दिया है और मौके से फरार हो गया है। सूचना मिलते ही मृतिका का भाई तत्काल छुरा पहुंचा और देखा कि बिसनी घायल अवस्था में कराह रही थी। उसने तत्काल एम्बुलेंस व पुलिस को सूचित किया। पुलिस के पहुंचने पर घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुरा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि आरोपी गोपीराम अपनी पत्नी को पुनः महासमुंद ले जाना चाहता था, परंतु बिसनी के विरोध के चलते उसने यह गंभीर अपराध किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के विरुद्ध धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।