क्राइम

रिश्तों का कत्ल, पिता-भाई ने मिलकर ली युवक की जान, एक महीने तक रची आत्महत्या की कहानी

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां खून के रिश्तों ने ही एक युवक की जान ले ली। ग्वालियर के नाका चंद्रवदनी इलाके में पिता और छोटे भाई ने मिलकर 38 वर्षीय रिंकू यादव की गला घोंटकर हत्या कर दी और इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।

घटना 4 मार्च की है, जब रिंकू यादव घर में मृत अवस्था में मिला था। उस वक्त पिता राजू यादव और भाई गौरव यादव ने पुलिस को बताया कि रिंकू शराब की लत से परेशान था और अवसाद में आकर उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शुरुआती तौर पर इस बात पर भरोसा कर मर्ग कायम किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

लेकिन जैसे ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई, पूरा मामला पलट गया। रिपोर्ट में साफ हुआ कि मौत फांसी से नहीं, बल्कि गला घोंटने से हुई है। इसके बाद पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो दोनों आरोपी टूट गए और सच कबूल कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि रिंकू शराब के नशे में अक्सर घर में मारपीट करता था। घटना वाले दिन उसने अपनी बीमार पत्नी को पीटना शुरू कर दिया और बीच-बचाव करने आई मां पर भी हाथ उठा दिया। इसके बाद गुस्से में छोटे भाई ने उसके हाथ पकड़े और पिता ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।

हत्या के बाद दोनों ने मिलकर एक साजिश रची और करीब एक महीने तक पुलिस को गुमराह करते रहे। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button