
रायगढ़। जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक कलयुगी बेटे ने शराब के नशे में अपनी ही मां की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, बीच-बचाव करने पहुंची अपनी 10 वर्षीय बेटी पर भी उसने जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने सनसनीखेज हत्याकांड का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम चिकटवानी मुडाडीपा का है। यहां 70 वर्षीय मेरीना लकड़ा घर में खून से लथपथ मृत अवस्था में मिली थीं। वहीं उनकी नातिन अगोस्टिना लकड़ा गंभीर रूप से घायल हालत में पाई गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बच्ची को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
जांच के दौरान पुलिस का शक मृतिका के बेटे संदीप लकड़ा पर गया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह ड्राइवरी का काम करता है और घटना वाले दिन लगातार शराब पी रहा था। उसकी मां ने शराब पीने को लेकर उसे डांटा और नशे में घूमने पर नाराजगी जताई। इसी बात से गुस्साए संदीप ने घर में रखे लकड़ी के डंडे से मां के सिर और कान के पास ताबड़तोड़ वार कर दिए।
इस दौरान आरोपी की 10 वर्षीय बेटी अगोस्टिना अपनी दादी को बचाने पहुंची, तो उसने बच्ची पर भी हमला कर दिया। घायल बच्ची किसी तरह जान बचाकर पड़ोस के घर पहुंची, जिसके बाद घटना की जानकारी सामने आई। **पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लकड़ी का डंडा बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ हत्या और जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।



