रायपुर। CGPSC ने गृह पुलिस विभाग के अंतर्गत सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग और प्लाटून कमांडर भर्ती के प्रीलिम्स एग्जाम का रिजल्ट जारी कर दिया है। आयोग ने कुल 7301 अभ्यर्थियों को मेन्स परीक्षा के लिए चयनित किया है। यह भर्ती कुल 341 पदों पर की जाएगी।प्रीलिम्स एग्जाम 12 जुलाई 2026 को प्रदेश के 33 जिलों में बनाए गए 183 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुआ था। अब सफल अभ्यर्थी अगले चरण की तैयारी में जुट गए हैं।
आयोग ने बताया कि यह चयन प्रीलिम्स एग्जाम के अंकों के आधार पर किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों की सूची आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है, जहां उम्मीदवार अपना परिणाम देख सकते हैं।
CGPSC ने बताया की सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग और प्लाटून कमांडर भर्ती-2024 की मेन्स परीक्षा 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 को मेन्स परीक्षा आयोजित की जाएगी। आयोग ने बताया कि मेन्स परीक्षा में शामिल होने के लिए चयनित अभ्यर्थियों को अलग से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इससे जुड़ी विस्तृत जानकारी जल्द आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
आयोग के अनुसार मेन्स परीक्षा पूरी होने के बाद उसका रिजल्ट जारी किया जाएगा। इसके बाद सफल अभ्यर्थियों को फिजिकल के लिए बुलाया जाएगा। फिजिकल की तारीख और अन्य जरूरी निर्देश अलग से जारी किए जाएंगे। आयोग ने अभ्यर्थियों से केवल आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूचना पर भरोसा करने और किसी भी अफवाह से बचने की अपील की है।




