बिलासपुर/रायपुर। शहरों से निकलने वाला कचरा अब बोझ बनने के बजाय स्वच्छ ऊर्जा और जैविक खाद उत्पादन का माध्यम बनेगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को अपने बिलासपुर प्रवास के दौरान ग्राम सेंदरी में निर्माणाधीन कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) संयंत्र का निरीक्षण किया और परियोजना की प्रगति का जायजा लिया।
रोजाना 130 टन कचरे का होगा प्रसंस्करण
भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) द्वारा केंद्र की गोवर्धन योजना के अंतर्गत इस आधुनिक संयंत्र को विकसित किया जा रहा है। संयंत्र के शुरू होने के बाद यहां प्रतिदिन 130 टन नगरीय ठोस अपशिष्ट (कचरे) का वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण किया जाएगा।
स्वच्छ ईंधन और जैविक खेती को मिलेगा बढ़ावा
इस परियोजना के माध्यम से रोजाना लगभग 5 टन कंप्रेस्ड बायोगैस और 16 टन ठोस जैविक खाद के उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है। इससे एक ओर जहां शहरों की स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ होगी, वहीं दूसरी ओर स्वच्छ ईंधन की उपलब्धता बढ़ेगी और किसानों को जैविक खेती के लिए उत्तम गुणवत्ता की खाद भी मिल सकेगी।




