विधायक अनुज शर्मा ने किया शुभारंभ, बोले – अब किसानों को नहीं जाना पड़ेगा दूर, घर के पास ही बिकेगा धान
खरोरा। छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ रविवार को धरसींवा विधानसभा के दो नए उपार्जन केंद्र भड़हा एवं खपरीडीह खुर्द में विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा के द्वारा किया गया।
धान खरीदी महा अभियान के शुभारंभ के अवसर पर विधायक अनुज शर्मा ने नए उपार्जन केंद्र खोले जाने पर किसानों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारे विधानसभा में दो नए उपार्जन केंद्र बनाए जाने से क्षेत्र के किसानों को नजदीकी केंद्रों में धान बेचने में सुविधा के साथ ही साथ लागत में भी कमी एवं समय की बचत होगी। किसानों को अपना धान बेचने के लिए तुहर टोकन मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन टोकन की व्यवस्था की गई है। जिससे समय पर धान विक्रय करने हेतु किसानों से अपील की है।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर के उपाध्यक्ष अभिषेक कश्यप (बॉबी) ने कहा कि किसानों की सुविधा के लिए विष्णु देव सरकार के द्वारा छोटे-छोटे उपार्जन केंद्र खोले जा रहे हैं। जिससे किसानों को अपने धान विक्रय करने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।
छत्तीसगढ़ अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त वेदराम मनहरे ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा किसानों के 21 क्विंटल धान खरीदी से भी कम धान विक्रय करने पर भी पूरे 21 क्विंटल धान का बोनस मिलेगा एवं किसानों को उनकी मेहनत का सही एवं सुरक्षित दाम दिलाने के लिए भाजपा सरकार वचनबद्ध है।
इस अवसर पर मुख्य रूप से खपरीडीह के सरपंच एवं पंचगण समिति के अध्यक्ष एवं कर्मचारी के साथ ही अशोक वर्मा, सुरेंद्र वर्मा, संतोष लालू वर्मा, आत्माराम, रमेश शर्मा, लालाराम जायसवाल के साथ ही जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के प्रबंधक भारत लाल साहू एवं सुपरवाइजर गुप्ता जी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।




