Homeसूरजपुरजेल में लाखों की ठगी का खुलासा! रकम दोगुनी करने का झांसा...

जेल में लाखों की ठगी का खुलासा! रकम दोगुनी करने का झांसा देकर युवक को ठगा, 5 आरोपी गिरफ्तार…

सूरजपुर। जिले में रकम दोगुनी करने का लालच देकर 9 लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। कोतवाली पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक युवक को अधिक रकम वापस मिलने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाया और उससे 9 लाख रुपये ऐंठ लिए। पुलिस ने ठगी में इस्तेमाल कार, मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी जब्त किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

रकम दोगुनी करने का दिया लालच

मामले की शुरुआत रामानुजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम मांजा निवासी अमन साहू की शिकायत से हुई। अमन ने पुलिस को बताया कि गांव के रहने वाले मनधुज साहू उर्फ पिन्टू साहू ने उसे रकम दोगुनी करने की कथित स्कीम के बारे में बताया और इसमें पैसे लगाने के लिए तैयार किया।

शुरुआत में अमन ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया था, लेकिन आरोपी लगातार उसके संपर्क में रहा। ज्यादा रकम वापस मिलने के लालच में अमन आखिरकार आरोपियों के झांसे में आ गया।

व्यवसाय और परिचितों से जुटाए 9 लाख

आरोपियों की बातों में आकर अमन ने अपने व्यवसाय में जमा 5 लाख 50 हजार रुपये निकाल लिए। इसके अलावा उसने परिचितों से 3 लाख 50 हजार रुपये भी जुटाए। इस तरह उसने कुल 9 लाख रुपये आरोपियों को देने की तैयारी की।

बताया गया कि 3 जून को अमन अपने परिचित पंकज साहू के साथ मानपुर चौक से आगे बाइपास रोड पहुंचा। यहां आरोपी पीले नंबर प्लेट वाली सफेद हुंडई कार से पहुंचे और अमन से 9 लाख रुपये ले लिए।

रकम देने के बाद नहीं मिले पैसे

आरोपियों को रकम देने के बाद अमन को जब वादे के मुताबिक दोगुनी राशि वापस नहीं मिली तो उसे ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उसने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी मनधुज साहू उर्फ पिन्टू साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

जेल में हुई थी मुख्य आरोपी की दूसरे आरोपी से मुलाकात

पुलिस की पूछताछ में कथित तौर पर सामने आया कि वर्ष 2023 में जेल में रहने के दौरान मनधुज साहू की पहचान उत्तर प्रदेश के वाराणसी निवासी राजेश सिंह पटेल से हुई थी। जेल से बाहर आने के बाद भी दोनों के बीच संपर्क बना रहा।

इसके बाद दोनों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर लोगों को रकम दोगुनी करने का लालच देकर ठगी करने की योजना बनाई। इसी योजना के तहत अमन साहू को भरोसे में लिया गया और उससे 9 लाख रुपये ठग लिए गए।

पांच आरोपी गिरफ्तार, कार और मोबाइल जब्त

पुलिस ने जांच के आधार पर मुख्य आरोपी मनधुज साहू समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ठगी में इस्तेमाल की गई कार, मोबाइल फोन और सिम कार्ड जब्त किए गए हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं, पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और ठगी की रकम के संबंध में भी जांच कर रही है। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने इसी तरह अन्य लोगों को भी रकम दोगुनी करने का लालच देकर ठगी का शिकार बनाया हो सकता है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments