सुकमा। सुकमा जिले के पोलमपल्ली बालिका पोटाकेबिन में छात्राओं के अचानक बीमार पड़ने से हड़कंप मच गया है। पिछले तीन दिनों में 47 छात्राओं की तबीयत बिगड़ने की जानकारी सामने आई है। छात्राओं में बुखार, उल्टी और दस्त जैसे लक्षण बताए जा रहे हैं।
तबीयत बिगड़ने के बाद सभी छात्राओं को उपचार के लिए दोरनापाल स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। उपचार के बाद कुछ छात्राएं स्वस्थ होकर वापस पोटाकेबिन लौट चुकी हैं, जबकि 23 छात्राओं का दोरनापाल स्वास्थ्य केंद्र में इलाज जारी है।
वहीं, एक छात्रा की हालत गंभीर होने पर उसे सुकमा जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पोलमपल्ली के इस पोटाकेबिन में करीब 350 छात्राएं अध्ययनरत हैं। एक साथ बड़ी संख्या में छात्राओं के बीमार पड़ने के बाद अब पोटाकेबिन में भोजन, पीने के पानी और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि छात्राओं के बीमार पड़ने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की जांच के बाद ही बीमारी के कारणों का पता चल सकेगा।




