Homeछत्तीसगढदुर्ग में खूनी खेल! बिरयानी खाने निकले युवक की हत्या, नाबालिग समेत...

दुर्ग में खूनी खेल! बिरयानी खाने निकले युवक की हत्या, नाबालिग समेत दो आरोपी गिरफ्तार…

दुर्ग। रक्षाबंधन के त्योहार की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब दुर्ग के कोतवाली थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। चंडी मंदिर नयापारा रोड पर दोस्तों के साथ बिरयानी खाने निकले युवक धन्ना चौधरी पर बदमाशों ने चाकू और भारी पत्थरों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को उसके दोस्त ई-रिक्शा से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, धन्ना चौधरी रक्षाबंधन की रात अपने दो दोस्तों के साथ बिरयानी खाने के लिए निकला था। चंडी मंदिर नयापारा रोड पर पहुंचने के दौरान रास्ते में कुछ युवकों से गाली-गलौज को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद के पीछे पुरानी रंजिश भी थी। कहासुनी बढ़ने के बाद आरोपियों ने धन्ना चौधरी पर चाकू और पत्थरों से हमला कर दिया।

हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके दोस्तों ने तत्काल उसे ई-रिक्शा से जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस सक्रिय हुई और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में एक नाबालिग समेत दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस घटना के कारणों और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

ASP ने दी घटना की जानकारी

ASP मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि देर रात नयापारा रोड पर विवाद के बाद एक युवक पर चाकू और पत्थर से हमला किया गया था। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक अपचारी बालक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

रक्षाबंधन जैसे त्योहार की रात हुई इस हत्या की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच करते हुए यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और वारदात में और कौन-कौन लोग शामिल थे।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments