सरगुजा। सरगुजा और आसपास के क्षेत्रों के हवाई यात्रियों के लिए एक बेहद अच्छी खबर सामने आ रही है। एलायंस एयर रायपुर से अंबिकापुर (दरिमा एयरपोर्ट) होते हुए वाराणसी के लिए नई हवाई सेवा शुरू करने की तैयारी में है। कंपनी ने इस प्रस्तावित फ्लाइट को अपने विंटर शेड्यूल में शामिल करने के लिए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को प्रस्ताव भेज दिया है।
प्रस्तावित योजना के अनुसार, इस मार्ग पर हवाई सेवा का संचालन सप्ताह में दो दिन किया जा सकता है।
रांची और पटना के लिए भी तैयारी
वाराणसी के अलावा, रायपुर-अंबिकापुर मार्ग को अन्य प्रमुख शहरों से जोड़ने की भी योजना है। जानकारी के मुताबिक, इसी रूट से होकर रांची या पटना के लिए भी सप्ताह में एक दिन फ्लाइट शुरू करने की तैयारी चल रही है।
हालांकि, इन सभी हवाई सेवाओं की शुरुआत, अंतिम समय-सारणी और संचालन की सटीक तारीखों का फैसला महानिदेशालय (DGCA) से आधिकारिक मंजूरी मिलने के बाद ही साफ हो सकेगा। इस सेवा के शुरू होने से सरगुजा संभाग के लोगों को उत्तर प्रदेश, झारखंड और बिहार के लिए सीधी और आसान कनेक्टिविटी मिल जाएगी।



