बेंगलुरु: बॉलीवुड अभिनेता इमरान हाशमी की आगामी एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘गनमास्टर G9’ के सेट से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। बेंगलुरु में फिल्म के हाई-रिस्क क्लाइमैक्स एक्शन सीक्वेंस की शूटिंग के दौरान एक भयानक हादसा होते-होते टल गया। इस घटना का एक बिहाइंड-द-सीन (BTS) वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर फैंस की चिंताएं बढ़ गई हैं।
हवा में बेकाबू होकर वैन पर गिरी SUV
मिली जानकारी के मुताबिक, सेट पर एक खतरनाक कार-फ्लिप स्टंट शूट किया जा रहा था, जिसके लिए एक एसयूवी (SUV) को क्रेन के जरिए हवा में लटकाया गया था। स्टंट के योजना के अनुसार, इस लटकी हुई कार के नीचे से एक दूसरी गाड़ी को गुजरना था। लेकिन इसी दौरान तकनीकी गड़बड़ी (मैकेनिज्म मालफंक्शन) की वजह से गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई और हवा में पलटते हुए सीधे नीचे खड़ी एक वैन पर जा गिरी।
चेहरे के पास आकर गिरी कार, बाल-बाल बचे इमरान हाशमी
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब अभिनेता इमरान हाशमी घटनास्थल के बेहद करीब ही मौजूद थे। बताया जा रहा है कि क्रेन से छूटी कार उनके चेहरे से महज एक फीट की दूरी पर आकर गिरी। अगर इस स्टंट में जरा सी भी चूक और हो जाती, तो अभिनेता गंभीर रूप से घायल हो सकते थे। गनीमत रही कि इस हादसे में इमरान हाशमी पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें एक खरोंच तक नहीं आई है।
प्रवक्ता ने की पुष्टि, फैंस जता रहे चिंता
हादसे के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही फैंस लगातार इमरान की सुरक्षा को लेकर प्रार्थना कर रहे हैं। इस बीच इमरान हाशमी के प्रवक्ता ने बयान जारी कर पुष्टि की है कि अभिनेता पूरी तरह ठीक हैं और घबराने की कोई बात नहीं है। घटना के बाद कुछ समय के लिए शूटिंग को रोक दिया गया था, लेकिन सुरक्षा सुनिश्चित करने के बाद इसे दोबारा शुरू कर दिया गया। हालांकि, मेकर्स की तरफ से अभी तक इस बात को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है कि यह कार का पलटनाPlanned स्टंट का हिस्सा था या फिर कोई बड़ी तकनीकी लापरवाही।



