ख़रोरा। धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, जन-सेवा और सुशासन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए धरसींवा स्थित ‘सेवा सदन’ में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में आगामी 21 नवंबर से शुरू होने वाली बहुप्रतीक्षित ‘सेवा संवाद यात्रा’ के प्रभावी संचालन को लेकर व्यापक रणनीति तैयार की गई। बैठक में क्षेत्र के प्रमुख भाजपा नेता, पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जनता की उम्मीदों को धरातल पर उतारने का महाअभियान
बैठक को संबोधित करते हुए स्थानीय विधायक अनुज शर्मा ने कहा, “धरसींवा विधानसभा मेरा परिवार है और यहाँ के हर नागरिक की सेवा करना मेरा सर्वोपरि कर्तव्य है। हमारी सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूल मंत्र पर काम कर रही है। यह यात्रा केवल एक राजनीतिक दौरा नहीं, बल्कि जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उनकी उम्मीदों को धरातल पर उतारने का एक महाअभियान है।” उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी सुविधाओं और रोज़गार को बढ़ाने तथा डबल इंजन सरकार की नीतियों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का संकल्प दोहराया।
1 महीने में 144 गांवों और बूथों तक पहुंचेगी यात्रा
यह ‘सेवा संवाद यात्रा’ 21 नवंबर से प्रारंभ होकर पूरे एक महीने तक अनवरत चलेगी। इस दौरान विधायक अनुज शर्मा अपनी टीम के साथ विधानसभा क्षेत्र के सभी 144 गाँवों, नगर पंचायतों के वार्डों और हर एक बूथ तक पहुँचेंगे।
यात्रा की मुख्य विशेषताएं और उद्देश्य:
- योजनाओं का लाभ: छत्तीसगढ़ सरकार की जनहितकारी योजनाओं को हर घर तक पहुँचाना और शत-प्रतिशत हितग्राहियों को लाभ दिलाना।
- समस्या निवारण शिविर: जनता की शिकायतों और स्थानीय आवेदनों के त्वरित निराकरण के लिए यात्रा के दौरान विशेष प्रशासनिक शिविर लगाए जाएंगे।
- विकास कार्यों को गति: क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया जाएगा, साथ ही नए कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन भी होगा।
- युवा व मातृशक्ति की भागीदारी: इस महाअभियान को सफल बनाने के लिए महिलाओं और युवाओं की सक्रिय सहभागिता तय की गई है।
बैठक में वरिष्ठ नेताओं की रही मौजूदगी
रणनीति बैठक में मुख्य रूप से प्रभारी सुरेंद्र पाटनी, सविता चंद्राकर, शकुन्तला ढीलेंद्र सेन, रश्मि वर्मा, शिवशंकर वर्मा, अशोक सिन्हा, अरविंद ठाकुर, राकेश यादव, चंद्रकांत साहू, सुनील शर्मा, हरिशंकर वर्मा, सोना वर्मा, गोविंद साहू, रॉबिन साहू, योगेश साहू, मोहन प्रजापति और किरन साहू सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ पदाधिकारी व युवा मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में इस यात्रा को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।




