रायपुर। रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय (मेडिकल कॉलेज) परिसर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 103 करोड़ 74 लाख रुपये के स्वास्थ्य अधोसंरचना विकास कार्यों का भूमिपूजन किया है ।
भूमिपूजन कार्यक्रम के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर 2021 के शिलान्यास से जुड़ी तस्वीरें और दस्तावेज साझा करते हुए दावा किया कि छात्रावास का शिलान्यास उनकी सरकार के दौरान पहले ही किया जा चुका था। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान बीजेपी सरकार सिर्फ राजनीतिक श्रेय लेने के लिए उसी परियोजना का दोबारा भूमिपूजन कर रही है।
भूपेश बघेल के आरोपों पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि शर्मिंदा वर्तमान सरकार को नहीं बल्कि कांग्रेस को होना चाहिए। मंत्री का आरोप है कि कांग्रेस सरकार ने शिलान्यास तो किया, लेकिन तीन साल तक वहां एक ईंट भी नहीं रखी। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी सरकार छात्रों की वर्षों पुरानी मांग पूरी कर रही है। स्वास्थ्य मंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को स्वास्थ्य क्षेत्र के मुद्दों पर पूरी टीम के साथ खुली बहस (डिबेट) की चुनौती भी दे डाली।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछली सरकार ने विकास कार्यों को आगे नहीं बढ़ाया और अब जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है। उनका कहना है कि वर्तमान सरकार अधूरे कार्यों को पूरा कर रही है और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार निवेश कर रही है।
वहीं कांग्रेस नेताओं का कहना है कि छात्रावास परियोजना की शुरुआत उनकी सरकार में हो चुकी थी। उनका आरोप है कि वर्तमान सरकार नई परियोजना शुरू करने के बजाय पुराने काम का दोबारा भूमिपूजन कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है।



