Homeछत्तीसगढबिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: AI से तस्वीरें बदलकर भ्रामक खबरें चलाने...

बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: AI से तस्वीरें बदलकर भ्रामक खबरें चलाने वाला पोर्टल संचालक रायपुर से गिरफ्तार

  • सिरगिट्टी थाने में दर्ज शिकायत के बाद पुलिस ने रायपुर के रजत प्राइम अपार्टमेंट में दी दबिश
  • आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन जब्त, कई आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बरामद

बिलासपुर/रायपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर की पुलिस ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का दुरुपयोग कर भ्रामक और अपमानजनक खबरें प्रकाशित करने के आरोप में एक तथाकथित न्यूज पोर्टल संचालक दीपक टंडन को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने आरोपी को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से दबोचा है।

क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, 29 अक्टूबर को मणीशंकर पांडेय ने बिलासपुर के सिरगिट्टी थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि न्यूज पोर्टल और सोशल मीडिया के माध्यम से आपत्तिजनक शीर्षकों के साथ भ्रामक खबरें प्रसारित की जा रही हैं। इन खबरों में AI तकनीक की मदद से तस्वीरों से छेड़छाड़ कर उन्हें गलत संदर्भ में पेश किया जा रहा था, ताकि संबंधित व्यक्तियों और संस्थाओं की सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया जा सके।

रायपुर में दबिश और डिजिटल साक्ष्य बरामद
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में रायपुर पहुंची। टीम ने घेराबंदी कर रजत प्राइम अपार्टमेंट से दीपक टंडन को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मोबाइल फोन से पोर्टल से जुड़े कई आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिले हैं। फिलहाल इन डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है।

इन धाराओं के तहत हुई कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम की धारा 4 और 5 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इसके अलावा, इस मामले में शामिल अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments